एक पेड़ माँ के नाम अभियान के तहत सुकृत पावरहाउस परिसर में किया गया वृक्षारोपण।

 एक पेड़ माँ के नाम अभियान के तहत सुकृत पावरहाउस परिसर में किया गया वृक्षारोपण। 



(रिपोर्ट- बृजेश कुमार सिंह/सोनभद्र)



सोनभद्र। पर्यावरण संरक्षण एवं हरित भविष्य के संकल्प को साकार करने के उद्देश्य से रविवार को राज्यव्यापी "एक पेड़ माँ के नाम" अभियान के अंतर्गत 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र सुकृत परिसर एवं उसके आसपास व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण किया गया।



कार्यक्रम का नेतृत्व अवर अभियंता सुमित कुमार श्रीवास्तव ने किया। उनके नेतृत्व में विद्युत विभाग के समस्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सामूहिक रूप से 300 पौधों का रोपण किया। इस दौरान सभी ने लगाए गए पौधों के संरक्षण, नियमित देखभाल एवं उन्हें सुरक्षित रखने का संकल्प भी लिया। अवर अभियंता सुमित कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि वृक्ष केवल पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में ही सहायक नहीं हैं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण उपलब्ध कराने का सबसे प्रभावी माध्यम भी हैं। उन्होंने सभी लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनके संरक्षण की जिम्मेदारी निभाने का आह्वान किया।



 वृक्षारोपण अभियान के दौरान उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने पर्यावरण संरक्षण, हरित विकास तथा स्वच्छ वातावरण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए अभियान को जनभागीदारी से सफल बनाने का संदेश दिया। गौरतलब है कि 12 जुलाई 2026 को उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री की प्रेरणा से आयोजित राज्यव्यापी "एक पेड़ माँ के नाम" अभियान के अंतर्गत विभिन्न विभागों, संस्थानों एवं सामाजिक संगठनों द्वारा बड़े पैमाने पर वृक्षारोपण किया गया। सुकृत विद्युत उपकेंद्र में किया गया यह पौधरोपण अभियान भी उसी श्रृंखला का महत्वपूर्ण हिस्सा रहा।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ